पटना, 23 अगस्त। बिहार के प्रशासनिक महकमे में शनिवार देर रात बड़ा फेरबदल किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य में 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। तबादले में कई जिलों के उप विकास आयुक्त (DDC), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और नगर आयुक्त शामिल हैं। नई पदस्थापना पाने वाले अधिकारियों को जल्द अपने नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
कई जिलों के DDC बदले गए
तबादले के तहत श्रेया श्री को खगड़िया का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। पूर्णिया के SDO तुषार कुमार को मधुबनी का DDC, आंकाक्षा आनंद को सासाराम का DDC और रोहित कर्दम को जमुई का DDC बनाया गया है। इसके अलावा शिप्र विजयकुमार चौधरी को भी जमुई में उप विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगमों में भी बड़ा फेरबदल
बाढ़ की SDO गरिमा लोहिया को दरभंगा नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। वहीं दानापुर के SDO अनिरुद्ध पाण्डेय को पूर्णिया नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर यह बदलाव शहरी निकायों में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
SDO के पदों पर नई तैनाती
तबादले के तहत विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर का SDO, प्रिया रानी को सासाराम का SDO और कृष्णा जोशी को बाढ़ का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, सैयद आदिल मोहसीन को मढ़ौरा और अजय यादव को बेगूसराय का SDO बनाया गया है।
इसी क्रम में सूरज कुमार को कटिहार, विग्नेश टीए को पूर्णिया, जतिन कुमार को शेरघाटी, के. परीक्षित को नौगछिया, महेश कुमार को तारापुर और कशिश बक्शी को पटना सिटी का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।
विभागों में भी मिली नई जिम्मेदारी
कटिहार के SDO प्रधुम्न सिंह यादव को उद्योग विभाग के निदेशक, खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की जिम्मेदारी दी गई है। अंजली शर्मा को समाज कल्याण विभाग में निदेशक बनाया गया है। वहीं भागलपुर के कृष्ण चंद्र गुप्ता को मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का महानिरीक्षक बनाया गया है।
2022-2024 बैच के अधिकारी शामिल
तबादले में 2022 और 2023 बैच के अधिकारियों के साथ 2024 बैच के ट्रेनी आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार की ओर से सभी अधिकारियों को जल्द नए पदस्थापन पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब संबंधित जिलों और विभागों में नई टीम के साथ कामकाज आगे बढ़ेगा।




