सासाराम | 17 जुलाई 2026
बिहार के रोहतास जिले के उन परिवारों के लिए अच्छी खबर है, जिनके पास अब तक राशन कार्ड नहीं है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्मार्ट पीडीएस (Smart PDS) पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 14 जुलाई से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत पात्र परिवार घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी योग्य परिवारों से समय पर आवेदन करने और इस जानकारी को अन्य जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की अपील की है।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
विभाग के निर्देशानुसार नए राशन कार्ड के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है। आवेदन स्वीकृत होने के बाद पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत रियायती दर पर खाद्यान्न और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
ये दस्तावेज होंगे अनिवार्य
ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक को जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, परिवार का सामूहिक फोटो, बैंक पासबुक की प्रति, परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, आवेदक के हस्ताक्षर और सक्रिय मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा। अधूरे या गलत दस्तावेज होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
नए राशन कार्ड के लिए वही परिवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास वर्तमान में कोई राशन कार्ड नहीं है। आवेदक बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित पात्रता पूरी करनी होगी। आर्थिक रूप से कमजोर और सभी आवश्यक दस्तावेज रखने वाले परिवार इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
इन लोगों का आवेदन होगा अस्वीकार
जिन लोगों का नाम पहले से किसी राशन कार्ड में दर्ज है, आयकरदाता परिवार, निर्धारित सीमा से अधिक आय वाले परिवार, फर्जी दस्तावेज जमा करने वाले आवेदक या एक ही परिवार से एक से अधिक राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोगों का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की अपील
सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने कहा है कि आवेदन करते समय केवल सही और सत्यापित जानकारी ही दर्ज करें। गलत जानकारी देने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने पीडीएस विक्रेताओं, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी राशन योजना के लाभ से वंचित न रहे।




