पटना | 22 जुलाई 2026
बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कई स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि अगले 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और बांका जिले में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा पटना समेत राज्य के अधिकांश जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
पटना में तापमान 4 डिग्री बढ़ा
बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी पटना में 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान भभुआ में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण कमजोर पड़ने से बारिश में कमी आएगी और उमस बढ़ेगी।
कटिहार में सबसे अधिक बारिश
राज्य में सबसे अधिक 109 मिमी वर्षा कटिहार के मनिहारी में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा डुमरांव (बक्सर), बसुआ (सुपौल), इमामगंज (गया), महाराजगंज (सिवान), फारबिसगंज (अररिया), बरारी (कटिहार), दाउदनगर (औरंगाबाद) समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।
प्रमुख शहरों का तापमान
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 32.6°C, गया का 32.0°C, भागलपुर का 31.3°C और मुजफ्फरपुर का 31.0°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात और तेज हवा के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी है।




