पटना | 18 जुलाई 2026
बिहार में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण 'मानसून ब्रेक' जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
इन 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने औरंगाबाद, कैमूर (भभुआ), पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, रोहतास और सीतामढ़ी जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
मानसून ट्रफ की स्थिति बनी वजह
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ फिलहाल अपने सामान्य स्थान से उत्तर की ओर बनी हुई है, जिसके कारण बिहार में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ी हैं। हालांकि ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और मानसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव के चलते अगले तीन से चार दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश फिर से सक्रिय होने की संभावना है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान गया के डुमरिया में सबसे अधिक 92.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया के नरपतगंज में 82.2 मिमी, सिवान के नूतन में 80.4 मिमी, औरंगाबाद के ओबरा में 69.2 मिमी तथा मदनपुर में 50.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और गया के कई इलाकों में भी मध्यम से अच्छी वर्षा दर्ज हुई।
तापमान अब भी सामान्य से ऊपर
बारिश की कमी के कारण उमस बनी हुई है। पटना का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में सबसे अधिक 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में बारिश बढ़ने के साथ गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।




