बांका | 31 जुलाई 2026

बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इस बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिक्षक कक्षा में प्रवेश करने से पहले अपना मोबाइल फोन प्रधानाध्यापक के पास जमा करें, ताकि पढ़ाई के दौरान किसी तरह का व्यवधान न हो। बांका परिसदन में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि कक्षा में मोबाइल फोन आने से शिक्षण कार्य प्रभावित होता है। लगातार आने वाले कॉल और अन्य गतिविधियों से शिक्षक और छात्र दोनों का ध्यान भटकता है। ऐसे में शिक्षकों से स्वेच्छा से इस व्यवस्था का पालन करने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों और शिक्षकों दोनों को फायदा होगा और इससे स्कूल में अनुशासन भी बना रहेगा।

फिलहाल नहीं होगा कोई औपचारिक आदेश

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और अन्य शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों से स्वेच्छा से मोबाइल जमा करने का अनुरोध करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इस पहल के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं दिखता है, तो विभाग औपचारिक दिशा-निर्देश जारी करने पर विचार करेगा।

स्कूलों की साफ-सफाई और रंग-रोगन के निर्देश

समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने श्रावणी मेला को देखते हुए कांवरिया पथ के किनारे स्थित सभी सरकारी विद्यालयों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने बिहार के सरकारी विद्यालयों की सकारात्मक छवि दिखनी चाहिए।

पढ़ाई और मिड-डे मील प्रभावित नहीं होना चाहिए

इस बीच शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान भी विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन और मध्याह्न भोजन (MDM) का संचालन बिना किसी बाधा के जारी रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालय अवधि में बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई करते हुए दिखाई देने चाहिए।