मनीला, 17 नवंबर 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत और आसियान देशों की साझा ताकत, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय शांति पर विशेष रूप से जोर दिया। इश बीच पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए।

एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने भारत-आसियान संबंधों को दी नई गति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने आसियान देशों के साथ रिश्तों को नई गति और गहराई दी है। भारत और आसियान की साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है।उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को आसियान की अध्यक्षता और भारत के कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में उनके योगदान के लिए बधाई भी दी। पीएम मोदी ने कहा कि आसियान नेताओं के साथ उनका यह 13वां संवाद है। भारत इस साझेदारी को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दुनिया को शांति, स्थिरता और निश्चितता की जरूरत

वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने एक के बाद एक कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और निश्चितता की जरूरत है। उन्होंने सम्मेलन की थीम 'नेविगेटिंग टू आवर फ्यूचर टूगेदर' का उल्लेख करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में इसका विशेष महत्व है। पीएम मोदी के मुताबिक, भारत और आसियान मिलकर क्षेत्र में शांति और स्थिरता का मजबूत आधार तैयार कर सकते हैं।

भारत और आसियान के पास दुनिया की एक चौथाई आबादी

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और आसियान देशों की जनसंख्या को उनकी बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर दुनिया की 25 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा, 'हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, सहयोग से तय होना चाहिए।' उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के पास क्षमता भी है और साझा संकल्प भी। दोनों मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।

100 से ज्यादा पहल से मजबूत हुए आपसी रिश्ते

पीएम मोदी ने बताया कि वर्ष 2014 से भारत ने लोगों के बीच संपर्क और आपसी रिश्तों को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। भारत की आर्थिक प्रगति से आसियान देशों को लाभ मिलेगा, वहीं आसियान की समृद्धि भारत के विकास को भी गति देगी। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत-2047 और आसियान के 2045 विजन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों के साझा लक्ष्य भविष्य में क्षेत्रीय सहयोग को नई दिशा दे सकते हैं।

डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष में सहयोग बढ़ाने पर जोर

भारत और आसियान के बीच सहयोग के नए क्षेत्रों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक को काफी महत्वपूर्ण बताया। इस बीच उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ व्यापार, निवेश, समुद्री संपर्क और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है। इसके साथ ही पीएम ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना इस साझेदारी का अहम हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मनीला दौरा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और आसियान देशों के साथ रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में काफी महत्वपूर्ण है।