UP Election 2027: अखिलेश यादव का ऐलान, सपा सरकार बनी तो मिलेगा मेटल का वोटर ID कार्ड

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वोटर आईडी कार्ड को लेकर एक नया प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर मतदाताओं को मेटल से बना वोटर आईडी कार्ड दिया जाएगा, ताकि इसकी नकल करना मुश्किल हो।

सपा सरकार में मिलेगा मेटल का वोटर कार्ड

अखिलेश यादव के मुताबिक, मेटल से बने वोटर आईडी कार्ड की डुप्लीकेसी रोकने में मदद मिल सकती है। उन्होंने मौजूदा पहचान पत्र व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बताते हुए कहा कि मतदाताओं को अधिक सुरक्षित और प्रामाणिक कार्ड उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

आधार और बायोमेट्रिक से जोड़ने का सुझाव

सपा प्रमुख ने वोटर आईडी को आधार से जोड़ने और मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीनें लगाने का सुझाव भी दिया। उनका कहना है कि जब सरकारी राशन वितरण प्रणाली में बायोमेट्रिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो मतदान केंद्रों पर भी ऐसी व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है।

कार्ड बनाने का ठेका किसी एजेंसी को देने पर भी कही बात

अखिलेश यादव ने मेटल वोटर कार्ड तैयार करने के लिए किसी भी ठेकेदार या बाहरी एजेंसी को जिम्मेदारी देने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि एजेंसी का चयन सरकार अपनी सुविधा के अनुसार कर सकती है, लेकिन मतदाताओं को मेटल का पहचान पत्र उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने एक बार फिर वोटर आईडी को आधार से जोड़ने और मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीनें लगाने की व्यवस्था लागू करने का सुझाव दोहराया।