Global Indians List 2026: दुनिया की 200 बड़ी कंपनियों की कमान 236 भारतीयों के हाथ, सुंदर पिचाई टॉप पर
दुनिया की बड़ी कंपनियों में भारतीय मूल के अधिकारियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। HSBC हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026 के मुताबिक, भारतीय मूल के 236 लीडर्स दुनिया की 200 प्रमुख कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। इन कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 15 लाख करोड़ डॉलर से अधिक बताई गई है।
इस सूची में अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला दूसरे नंबर पर हैं।
सुंदर पिचाई और सत्य नडेला सूची में सबसे आगे
ग्लोबल इंडियंस लिस्ट में टेक्नोलॉजी सेक्टर के कई बड़े नाम शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख लीडर्स और उनकी कंपनियों की वैल्यूएशन इस प्रकार है:
- सुंदर पिचाई (Alphabet): करीब 4.2 लाख करोड़ डॉलर की कंपनी का नेतृत्व।
- सत्य नडेला (Microsoft): लगभग 2.6 लाख करोड़ डॉलर की कंपनी की कमान।
- संजय मेहरोत्रा (Micron Technology): करीब 1.4 लाख करोड़ डॉलर की कंपनी का नेतृत्व।
53 लाख से अधिक लोगों को मिलता है रोजगार
रिपोर्ट के मुताबिक, इन 200 कंपनियों का सालाना राजस्व लगभग 2.5 लाख करोड़ डॉलर है। ये कंपनियां दुनियाभर में 53 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार देती हैं।
सूची में शामिल 200 कंपनियों में 127 शेयर बाजार में लिस्टेड हैं, जबकि 49 स्टार्टअप भी शामिल हैं। इन स्टार्टअप्स का संयुक्त मूल्यांकन करीब 398 अरब डॉलर बताया गया है।
अमेरिका में सबसे ज्यादा भारतीय मूल के लीडर्स
इस सूची में अमेरिका का दबदबा सबसे अधिक है। कुल 236 लीडर्स में से 177 अमेरिका में कार्यरत हैं। कैलिफोर्निया इन अधिकारियों का प्रमुख केंद्र है। सैन फ्रांसिस्को में अकेले 40 लीडर्स मौजूद हैं। इसके अलावा दुबई और लंदन में भी भारतीय मूल के कई बड़े कारोबारी अधिकारी काम कर रहे हैं।
16 भारतीय मूल की महिलाओं ने भी बनाई जगह
इस ग्लोबल सूची में 16 भारतीय मूल की महिलाओं को भी शामिल किया गया है। इनमें अरिस्टा नेटवर्क्स की CEO जयश्री वी. उल्लाल प्रमुख नाम हैं।
वह करीब 208 अरब डॉलर की वैल्यूएशन वाली कंपनी का नेतृत्व कर रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, महिला लीडर्स के नेतृत्व वाली कंपनियों का कुल मूल्यांकन लगभग 699 अरब डॉलर है।
यह रिपोर्ट वैश्विक कारोबार, तकनीक और प्रबंधन के क्षेत्र में भारतीय मूल के पेशेवरों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है।






