पटना, 17 नवंबर 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल यानी नीतीश सेतु और जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राजापाकर के जाफरपट्टी में एक विशाल जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इस कार्यक्रम को NDA के शक्ति प्रदर्शन और गठबंधन की एकजुटता के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर भाजपा सरकार अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है।

https://youtu.be/q540ovzmRAY

वैशाली में पीएम मोदी की मेगा रैली की तैयारी

बिहार की राजनीति में 21 नवंबर का दिन काफी महत्वपूर्ण होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा इस रैली को बड़े राजनीतिक आयोजन के रूप में तैयार कर रही है। खास बात यह है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली NDA सरकार के एक साल पूरे होने के ठीक बाद पीएम मोदी का यह दौरा हो रहा है। ऐसे में इस कार्यक्रम के जरिए सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए भी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश करेगी। भाजपा ने रैली को सफल बनाने के लिए NDA के सभी पांच घटक दलों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। हालांकि, गठबंधन के भीतर कुछ दिनों से जारी राजनीतिक खींचतान पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है।

NDA के पांच दलों की एकजुटता पर रहेगी नजर

प्रधानमंत्री की इस रैली में NDA के पांचों घटक दलों की मौजूदगी और उनके नेताओं के बीच तालमेल पर सबकी नजर रहेगी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बीच समय-समय पर सामने आने वाली बयानबाजी गठबंधन के लिए असहज स्थिति पैदा करती रही है। वहीं, MLC चुनाव के बाद भाजपा और जदयू के बीच भी मतभेदों की चर्चाएं सामने आई हैं। ऐसे में पीएम मोदी की मौजूदगी में NDA के सभी सहयोगी दल एक मंच पर कितनी मजबूती से नजर आते हैं, यह इस कार्यक्रम का अहम राजनीतिक पहलू होगा।

नीतीश सेतु से पटना और उत्तर बिहार के बीच सफर होगा आसान

पीएम मोदी के बिहार दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा की है। इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। खासकर गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसका लाभ वैशाली के अलावा समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी मिल सकता है। हालांकि, पुल के नाम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। आरजेडी की ओर से इसका नाम लालू यादव के नाम पर रखने की मांग उठाई गई है।

जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं

प्रधानमंत्री के दौरे में दूसरी बड़ी सौगात जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी परियोजना होगी। इस औद्योगिक क्षेत्र के विकास से वैशाली और आसपास के जिलों में निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यहां खाद्य प्रसंस्करण, वेयरहाउसिंग और पैकेजिंग जैसे उद्योगों के विकास की संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।

विकास के साथ NDA की राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी

कुल मिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 नवंबर का वैशाली दौरा विकास और राजनीति, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण है। एक तरफ नीतीश सेतु और औद्योगिक क्षेत्र जैसी परियोजनाओं के जरिए बिहार को विकास की सौगात देने की तैयारी है, तो दूसरी तरफ NDA के पांचों घटक दलों के बीच एकजुटता प्रदर्शित करने की चुनौती भी है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि पीएम मोदी की रैली में NDA के सहयोगी दल किस तरह एक मंच पर नजर आते हैं और बिहार की जनता को विकास के साथ क्या राजनीतिक संदेश दिया जाता है।