PM मोदी के दौरे से पहले नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट, 21 नवंबर को होगा नीतीश सेतु का उद्घाटन
Samrat Choudhary Meet Nitish Kumar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को होने वाले बिहार दौरे से ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। शुक्रवार को हुई इस मुलाकात को खास माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान मुख्य रूप से कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण समारोह की तैयारियों पर चर्चा हुई।
नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अपने आवास पर स्वागत किया। मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही।
नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह का दिया न्योता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को नीतीश कुमार के सरकारी आवास पहुंचे थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 21 नवंबर को होने वाले नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम की जानकारी दी गई और नीतीश कुमार को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी के पटना आगमन पर एयरपोर्ट में उनकी अगवानी के लिए भी पहुंचेंगे।
21 नवंबर को बिहार आएंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सबसे पहले वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है।
पुल के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, इस दौरे में 103 परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनकी कुल लागत 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
वैशाली में तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर वैशाली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 18 नवंबर को स्वयं कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल, राघोपुर के रस्तमपुर स्थित हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था।
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने भी प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी है। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, चिकित्सा, पेयजल और प्रवेश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए ट्रैफिक रूट और पार्किंग की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है।
क्या है नीतीश सेतु की खासियत?
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल को अब ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा। गंगा नदी पर बना यह छह लेन का पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसकी कुल परियोजना लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है, जिसमें लगभग 9.76 किलोमीटर मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर एप्रोच रोड शामिल हैं।
इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। खासकर वैशाली और आसपास के इलाकों के लोगों को गांधी सेतु पर निर्भरता कम करने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इससे यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी फायदा पहुंचने की उम्मीद है।
नीतीश सेतु का निर्माण बिहार के सड़क और पुल बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। अब 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लोकार्पण के साथ इसे जनता को समर्पित करेंगे।






