पटना में छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर गंगा किनारे स्थित 11 घाटों को प्रतिबंधित किया है। इनमें 6 घाटों को खतरनाक घोषित कर रेड जोन में रखा गया है, जबकि 5 अन्य घाटों को छठ पूजा के लिए अनुपयुक्त माना गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और व्रतियों से इन घाटों पर अर्घ्य नहीं देने की अपील की है।
6 घाट रेड जोन में घोषित
जिला प्रशासन ने गंगा किनारे के छह घाटों को खतरनाक घोषित किया है। इन घाटों पर पानी की स्थिति और सुरक्षा संबंधी जोखिम को देखते हुए श्रद्धालुओं के जाने पर रोक लगाई गई है। लोगों को सतर्क करने के लिए इन घाटों की घेराबंदी लाल कपड़े से की गई है।
रेड जोन में शामिल घाटों की सूची:
1.जेपी सेतु के पश्चिमी घाट की तरफ का घाट
2.एलटीसी घाट
3.राजापुर पुल घाट
4.पहलवान घाट
5.अब्दुल रहमानपुर घाट (पटना सिटी)
6.नया पंचमुखी चौराहा घाट
5 घाटों पर भी छठ पूजा की मनाही
छह खतरनाक घाटों के अलावा प्रशासन ने पांच अन्य घाटों को भी छठ पूजा के लिए अनुपयुक्त घोषित किया है। इन घाटों पर भी व्रती अर्घ्य नहीं दे सकेंगे।
अनुपयुक्त घोषित घाटों की सूची:
1.टीएन बनर्जी घाट
2.मिश्री घाट
3.जजेज घाट
4.वंशी घाट
5.गुलबीघाट
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
छठ महापर्व के दौरान गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित घाटों से दूर रहने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार, व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के लिए केवल सुरक्षित घोषित घाटों का ही चयन करना चाहिए। सभी लोग सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।






