पटना, 20 नवंबर 2026 : बिहार के चंपारण इलाके के लिए आने वाले साल सड़क कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद अहम साबित हो सकते हैं। बकरपुर-बेतिया, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और रक्सौल-हल्दिया जैसे तीन बड़े सड़क परियोजना इस क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी। इनके पूरा होने से उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और नेपाल के बीच आवागमन आसान होने के साथ व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण से गुजरने वाली इन परियोजनाओं का मकसद केवल यात्रा को आसान बनाना नहीं है, बल्कि सीमावर्ती इलाकों को बड़े बाजारों और औद्योगिक केंद्रों से जोड़ना भी है। खासकर रक्सौल से हल्दिया तक प्रस्तावित सड़क संपर्क नेपाल के कारोबारियों के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
1. बकरपुर-बेतिया कॉरिडोर से पटना और चंपारण के बीच घटेगी दूरी
बकरपुर-बेतिया कॉरिडोर बिहार की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है। करीब 162.3 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण को आपस में जोड़ेगा। इस परियोजना को तीन अलग-अलग हिस्सों में विकसित किया जा रहा है। फरवरी 2026 में संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, बकरपुर-मानिकपुर के 38.81 किलोमीटर हिस्से का लगभग 20.25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। वहीं, मानिकपुर-साहेबगंज के 44.65 किलोमीटर हिस्से का काम कार्यान्वयन के चरण में था। साहेबगंज-अरेराज-बेतिया के 78.94 किलोमीटर हिस्से के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही थी। 13 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री ने बकरपुर-मानिकपुर खंड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। उस दौरान इस हिस्से को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया था।पूरी परियोजना तैयार होने के बाद पटना से बेतिया की यात्रा करीब तीन घंटे में पूरी होने की उम्मीद है। इससे चंपारण के लोगों को राजधानी पटना तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिल सकती है।
2. गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से यूपी और बंगाल तक बेहतर कनेक्टिविटी
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे पूर्वी भारत की एक महत्वपूर्ण प्रस्तावित सड़क परियोजना है। यह कॉरिडोर बिहार के आठ जिलों से होकर गुजरने वाला है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं। पश्चिम चंपारण में इस एक्सप्रेसवे का रूट बैरिया और नौतन प्रखंड से होकर प्रस्तावित है। जनवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में इसके निर्माण के लिए करीब 187.23 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। मई 2026 में नौतन क्षेत्र में जमीन की मापी और किसानों के मुआवजे के लिए एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र) तैयार करने की प्रक्रिया तेज करने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि नवंबर 2026 तक इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, एनएचएआई ने इसकी संशोधित लागत करीब 73 हजार करोड़ रुपये आंकी है। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पहले पीपीपीएसी और उसके बाद केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलना बाकी है। इस एक्सप्रेसवे के बनने से उत्तर प्रदेश से बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। इससे सीमावर्ती जिलों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिल सकती है।
3. रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे से नेपाल को मिलेगा बंदरगाह तक बेहतर रास्ता
रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे चंपारण और नेपाल के व्यापारिक भविष्य के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सड़क परियोजना पूर्वी चंपारण के रक्सौल से शुरू होकर पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह तक प्रस्तावित है। इसका प्रमुख उद्देश्य नेपाल की सीमा को पूर्वी भारत के बड़े बंदरगाह से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी देना है। इससे नेपाल और बिहार के व्यापारियों को माल की ढुलाई में सहूलियत मिल सकती है। पूर्वी चंपारण में इस परियोजना के लिए 72 किलोमीटर सड़क और लगभग 500 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता बताई गई है। रक्सौल एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार के कारण एक्सप्रेसवे के शुरुआती हिस्से के एलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। अगस्त 2026 की रिपोर्ट के अनुसार संशोधित डिजाइन को मंजूरी के लिए सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय भेजा गया था।इससे पहले जनवरी 2026 में परियोजना के पहले पैकेज के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी राजपत्र अधिसूचना भी जारी की गई थी।
चंपारण के किसानों और कारोबारियों को क्या होगा फायदा ?
इन तीनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से चंपारण के आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क नेटवर्क से स्थानीय किसानों को अपनी उपज बड़े शहरों और बाजारों तक पहुंचाने में आसानी हो सकती है। रक्सौल के कारोबारियों को हल्दिया बंदरगाह तक बेहतर सड़क संपर्क मिलने से माल की आवाजाही में सुविधा मिलने की संभावना है। वहीं, गोरखपुर-सिलीगुड़ी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा दे सकता है। इन एक्सप्रेसवे के आसपास भविष्य में कई तरह की व्यावसायिक गतिविधियां भी विकसित हो सकती हैं, जिनमें शामिल हैं :
वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स सेंटर का विकास।
होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की संख्या में बढ़ोतरी।
ट्रांसपोर्ट और माल ढुलाई से जुड़े कारोबार का विस्तार।
वाहन मरम्मत और सर्विसिंग सेंटर की स्थापना।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर।
चंपारण के विकास को मिल सकती है नई रफ्तार
बकरपुर-बेतिया, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और रक्सौल-हल्दिया जैसी तीन बड़ी सड़क परियोजनाएं चंपारण को बिहार के साथ उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल के लिए भी एक अहम कनेक्टिविटी हब बना सकती हैं। हालांकि इन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति अलग-अलग है। कहीं निर्माण कार्य जारी है, तो कहीं जमीन अधिग्रहण और सरकारी मंजूरी की प्रक्रिया बाकी है। इसलिए इनके फायदे पूरी तरह तभी सामने आएंगे, जब निर्माण कार्य पूरा होगा और आसपास की संपर्क सड़कों का विकास किया जाएगा।






