बक्सर में दो घंटे में तीन रेल हादसे, ट्रेन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत

बिहार के बक्सर जिले में करीब दो घंटे के भीतर तीन अलग-अलग रेल हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं बक्सर-चौसा, बक्सर रेलवे स्टेशन और डुमरांव-बरुना रेलखंड पर हुईं। मृतकों में बक्सर जिले के दो और मोतिहारी जिले का एक व्यक्ति शामिल है।

घटनाओं की सूचना मिलने के बाद बक्सर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बक्सर-चौसा रेलखंड पर ट्रेन से गिरकर बुजुर्ग की मौत

पहली घटना बक्सर और चौसा रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 668/24 और 668/25 के पास हुई। यहां एक अज्ञात चलती ट्रेन से गिरने के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई।

मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ढूंढनी गांव (पोस्ट पवनी) निवासी प्रेमचंद राम (69 वर्ष), पिता फादर राम के रूप में हुई है।

बक्सर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर युवक की मौत

दूसरी घटना बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर हुई। यहां करीब 30 वर्षीय युवक एक अज्ञात चलती ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

रेल पुलिस की जांच में मृतक की पहचान मोतिहारी जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र के अरेराज निवासी नंदन पासवान के रूप में हुई। वह अभिमन्यु राम के पुत्र थे।

डुमरांव-बरुना रेलखंड पर 27 वर्षीय युवक की मौत

तीसरी घटना डुमरांव और बरुना रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 646/29-30 के पास हुई। यहां एक अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की जान चली गई।

मृतक की पहचान नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर के तकिया टोला, वार्ड संख्या चार निवासी लखन कुमार के रूप में हुई। वह रामजी चौधरी के पुत्र थे।

रेल थानाध्यक्ष ने की तीनों घटनाओं की पुष्टि

बक्सर रेल थानाध्यक्ष मणि चंद्र पांडेय ने तीनों घटनाओं की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस की टीम संबंधित स्थानों पर पहुंची और शवों को बरामद किया।

तीनों मृतकों की पहचान होने के बाद बक्सर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।

तीन परिवारों में पसरा मातम

करीब दो घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत की खबर से उनके परिवारों में शोक छा गया। तीनों घटनाओं ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही रेलखंड के अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों से इलाके में भी दुख का माहौल है।