Akshara Singh Chhath Puja 2026: अक्षरा सिंह ने बनाया नहाय-खाय का प्रसाद, कई नेताओं को दिया न्योता
बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। इस पर्व को लेकर आम लोगों के साथ भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह भी तैयारियों में जुटी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह नहाय-खाय का प्रसाद तैयार करती नजर आ रही हैं।
लालू यादव और राबड़ी देवी को दिया छठ का निमंत्रण
छठ पूजा के अवसर पर अक्षरा सिंह ने बिहार के कई बड़े राजनीतिक चेहरों को अपने कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया है। इसी सिलसिले में उन्होंने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों को निमंत्रण कार्ड सौंपा। मुलाकात में तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहे।
नीतीश कुमार से सम्राट चौधरी तक पहुंचे निमंत्रण
अक्षरा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, संजय झा, चिराग पासवान और अनंत सिंह समेत कई नेताओं को भी छठ पूजा में आने का आमंत्रण दिया है। नेताओं के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आई हैं।
पटना के कंकरबाग में होगा छठ का आयोजन
अक्षरा सिंह काम के सिलसिले में मुंबई में रहती हैं, लेकिन छठ के मौके पर बिहार आना नहीं भूलतीं। पटना के कंकरबाग में उनका पारिवारिक आवास है, जहां वह अपने परिवार के साथ त्योहार मनाती हैं।
इस बार पटना के कंकरबाग स्थित रेनबो मैदान में छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। अक्षरा सिंह की कोशिश है कि इस पावन अवसर पर बिहार के सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता एक ही आयोजन में शामिल हों। इसी उद्देश्य से वह खुद नेताओं को निमंत्रण देने पहुंचीं।






