मुंबई | 11 जुलाई 2026

फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर के विवाह समारोह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मिली शुभकामनाओं ने और भी खास बना दिया। 6 जुलाई को संपन्न हुए इस विवाह के अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक विशेष पत्र भेजकर नवविवाहित जोड़े को सुखद, सफल और प्रेमपूर्ण वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। बोनी कपूर ने इस पत्र को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

PM मोदी ने दिया जीवनभर साथ निभाने का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 जुलाई को लिखे अपने पत्र में कहा कि अंशुला और रोहन विश्वास, प्रेम और साझेदारी के नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि दोनों जीवनभर एक-दूसरे के सच्चे साथी बनें, एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करें और एक-दूसरे की खूबियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने विवाह समारोह का निमंत्रण भेजने के लिए भी बोनी कपूर का धन्यवाद किया।

बोनी कपूर ने जताया आभार

प्रधानमंत्री का संदेश साझा करते हुए बोनी कपूर ने लिखा कि अंशुला और रोहन की शादी पर मिले शुभकामना संदेश और आशीर्वाद के लिए उनका परिवार प्रधानमंत्री का हृदय से आभारी है। उन्होंने कहा कि यह संदेश परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा।

2022 में शुरू हुई थी प्रेम कहानी

अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की पहली मुलाकात वर्ष 2022 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों का रिश्ता प्यार तक पहुंचा। बाद में रोहन ने न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में उसी समय अंशुला को प्रपोज किया, जिस समय दोनों की पहली बातचीत शुरू हुई थी। 6 जुलाई को मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया, जिसमें परिवार और करीबी मित्र शामिल हुए।