ज्ञान बिंदु कोचिंग एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद को बड़ी राहत मिली है। कोचिंग सेंटर पर हुए बवाल और फायरिंग मामले में जेल में बंद रौशन आनंद को जमानत मिल गई है। इससे पहले उनकी जमानत याचिका कोर्ट द्वारा खारिज कर दी गई थी, लेकिन उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद उन्हें राहत प्रदान की गई है।

नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में प्रिंस यादव की मौत हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार आज सहरसा में किया जाएगा, जिसमें रौशन आनंद भी शामिल होंगे। प्रिंस यादव की मौत को लेकर पुलिस ने अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि 2 जून को खान सर की कोचिंग के बाहर हुए हंगामे और हिंसा के मामले में दर्ज एफआईआर में प्रिंस यादव का नाम भी आरोपियों के रूप में शामिल किया गया था। इस बीच प्रिंस यादव की मौत पर खान सर ने गहरा दुख जताया है। एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि घटना की खबर और वीडियो देखकर वे स्तब्ध रह गए। उन्होंने इसे बेहद अमानवीय घटना बताते हुए आशंका जताई कि इसमें किसी तीसरे पक्ष की साजिश हो सकती है। खान सर ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

वहीं, जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने भी प्रिंस यादव की मौत पर दुख जताया। उन्होंने सरकार से हत्याकांड में शामिल लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही उन्होंने मानवीय आधार पर रौशन आनंद को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रिहा करने या पेरोल देने की अपील की थी। अब जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद अपने भाई को अंतिम विदाई दे सकेंगे।