बिहार: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। जुराबगंज के पास मजदूरों और उनके परिवारों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 35 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस नवादा से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा जा रही थी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। अधिकांश यात्री ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले मजदूर थे, जो काम खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
बस चालक के अनुसार, सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
स्थानीय लोगों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और कुछ के हाथ-पैर टूटने की भी सूचना है। हालांकि अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के कारण NH-31 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।




