पटना | 04 अगस्त 2026
रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार हत्याकांड को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि मृतक अधिकारी की पत्नी ने डेहरी के विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त कार्रवाई की बात करते हैं, तो क्या इस मामले में भी समान कार्रवाई होगी ?
EO विमल कुमार हत्याकांड पर सरकार से पूछे सवाल
राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने कहा कि दिवंगत EO विमल कुमार की पत्नी आरती देवी ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि आरोपों के बावजूद विधायक के खिलाफ अब तक नामजद एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
परिवार को सुरक्षा और पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि विमल कुमार के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अधिकारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने की अपील
तेजस्वी यादव ने न्यायपालिका से भी इस मामले का स्वतः संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
बांकीपुर उपचुनाव का भी किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने हाल ही में हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगी, साथ ही सरकार को भी हालिया चुनावी नतीजों पर आत्ममंथन करना चाहिए।




