प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक चल रहे जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए बिहार भाजपा ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य केंद्र आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां रहीं। नेताओं ने योग को जन-जन तक पहुंचाने, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत बनाने तथा योग दिवस कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक पहचान दिलाई है। आज दुनिया के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जाता है और योग स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

उन्होंने बताया कि 21 जून को बिहार के सभी मंडलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्कूल, कॉलेज, अन्य शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना में आयोजित प्रमुख योग कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि भाजपा के सभी पदाधिकारी अलग-अलग स्थानों पर आयोजित योग सत्रों में भागीदारी करेंगे।

बैठक में सारण, भागलपुर, कोशी, सीमांचल, पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा क्षेत्रों के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे