पटना में पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने बिहार राज्य रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSRDCL), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL), राष्ट्रीय उच्चपथ एवं पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित 50 करोड़ रुपये से अधिक की सभी प्रमुख परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण और तेजी से क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय इंजीनियर भी शामिल हुए। सचिव ने निर्देश दिया कि सभी डिवीजनों में गहन सर्वे कर निर्माण कार्यों की भौतिक जांच सुनिश्चित की जाए, जिससे गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य फोकस निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर होना चाहिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को PMIS पोर्टल नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया ताकि परियोजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सके। बैठक में जन-शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई, जिसमें ‘सहयोग पोर्टल’ पर लंबित शिकायतों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने स्पष्ट किया कि विभाग की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समय पर समाधान है और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। वर्तमान में 55 शिकायतें लंबित पाई गईं, जिनके शीघ्र निष्पादन के आदेश दिए गए।
इसके साथ ही उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़ और सूखे की तैयारियों की भी समीक्षा की। सभी पुल-पुलियों की सफाई, कटाव निरोधक सामग्री का भंडारण और संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए।
अंत में सचिव ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




